- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar Top News Headlines; Farmers To Intensify Protest Rail Roko On February 18 To Priyanka Gandhi In Kisan Mahapanchayat To Jailed SDM Got Bail For Marriage And More
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
34 मिनट पहले
नमस्कार!
किसान आंदोलन के बीच ट्विटर पर क्यों सख्त हुई सरकार? कहां दिखा प्रियंका गांधी का नया अंदाज? पहला टेस्ट हारने पर क्या कहता है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? आज सुबह हम ऐसी ही 12 खास खबरें लेकर आए हैं। तो चलिए शुरू करते हैं मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ।
सबसे पहले देखते हैं बाजार क्या कह रहा है..
- BSE का मार्केट कैप 203 लाख करोड़ रुपए रहा, 48% कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही।
- 3,125 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। 1,465 कंपनियों के शेयर बढ़े और 1,499 के शेयर गिरे।
आज इन इवेंट्स पर रहेगी नजर
- गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वे कूच बिहार से पार्टी की परिवर्तन यात्रा के चौथे चरण को हरी झंडी दिखाएंगे और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
- भाजपा आज पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाएगी। PM मोदी सुबह 11 बजे इसमें शामिल होंगे और भाजपा सांसदों को संबोधित करेंगे।
- चीन से तनाव के बीच पूर्वी लद्दाख से दोनों देशों की सेनाओं की वापसी को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज राज्यसभा में स्टेटमेंट देंगे।
देश-विदेश
साउथ पेसिफिक एरिया में सूनामी का खतरा
न्यूजीलैंड के दक्षिण में बुधवार की शाम को आए शक्तिशाली भूकंप के बाद उस क्षेत्र में सूनामी का खतरा मंडरा रहा है। साउथ पैसिफिक के न्यू केलेडोनिया आईलैंड पर 7.7 तीव्रता वाले भूकंप के बाद ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और फिजी में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सूनामी वार्निंग सेंटर ने बताया कि भूकंप के बाद 3 फीट ऊंची लहरें उठीं। इससे न्यूजीलैंड, फिजी और वानुअतु में ज्यादा खतरा है। इस एरिया में ताकतवर भूकंप से कई आईलैंड्स को बड़ा खतरा है। US जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप का केंद्र केलेडोनिया से 415 किलोमीटर दूर समुद्र में 10 किमी की गहराई में था।
किसानों का रेल रोको आंदोलन
नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब-हरियाणा के किसान 77 दिन से दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने बुधवार को कहा कि 18 फरवरी को देशभर में रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा के डॉ. दर्शन पाल ने कहा कि इस दिन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक ट्रेनें रोकी जाएंगी। किसानों ने 12 फरवरी से राजस्थान में सभी टोल फ्री करने का ऐलान भी किया है। इधर, पुलिस ने 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली में हुई हिंसा के एक और आरोपी इकबाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम था। उसे पंजाब के होशियारपुर से अरेस्ट किया गया है।
ट्विटर के अड़ियल रवैयै पर सरकारी की सख्ती
किसान आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर सरकार की सख्ती के चलते ट्विटर ने 500 अकाउंट हमेशा के लिए सस्पेंड कर दिए हैं। सरकार ने ट्विटर को कई विवादित अकांउट और हैशटैग हटाने का नोटिस दिया था, इसके जवाब में ट्विटर ने एक्शन लिया। सोशल मीडिया कंपनी ने बुधवार को बताया कि जिन अकाउंट्स को सस्पेंड किया गया है, वे कंपनी की पॉलिसी का वॉयलेशन कर रहे थे। सरकार ने IT एक्ट की धारा 69A के तहत ट्विटर को नोटिस दिया था।
नए अंदाज में दिखीं प्रियंका गांधी
कृषि कानूनों के विरोध में सड़क से संसद तक संग्राम मचा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी के जय जवान-जय किसान कार्यक्रम के तहत बुधवार को सहारनपुर के चिलकाना में हुई किसान महापंचायत में शामिल हुईं। यहां प्रियंका के अंदाज की खूब चर्चा हो रही है। प्रियंका काला कुर्ता, गले में भगवा गमछा और माथे पर लाल टीका लगाकर महापंचायत में पहुंचीं। इससे पहले उन्होंने शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा की। इसके बाद वह रायपुर स्थित खानकाह में हजरत रायपुरी की दरगाह भी गईं।
मोदी के भाषण में 10 बार हंगामा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया। मोदी के 93 मिनट के भाषण के दौरान विपक्ष ने 10 बार हंगामा और टोका-टाकी की। छठवीं बार हंगामे के बाद मोदी के तेवर तल्ख हो गए और वे कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी से बोले कि यह ज्यादा हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि डिवाइडेड और कन्फ्यूज्ड पार्टी न खुद का भला कर सकती है, न देश का। इसके बाद राहुल गांधी समेत कांग्रेस सांसदों ने सदन से वॉक आउट कर दिया।
लद्दाख में तनाव खत्म होने का दावा
चीन की सरकार ने बुधवार को दावा किया कि लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर भारत के साथ 9 महीने से चल रहा टकराव खत्म हो गया है। चीन के मुताबिक, बुधवार को दोनों ओर से सैनिकों की एकसाथ वापसी शुरू हो गई। इससे पहले, चीनी मीडिया ने भी दावा किया था कि पैगॉन्ग लेक के दक्षिणी और उत्तरी इलाके से भारत-चीन की सेना ने डिसइंगेजमेंट की प्रोसेस शुरू कर दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस मामले में आज राज्यसभा में स्टेटमेंट देंगे।
रिश्वत लेने वाली पिंकी के हाथ पीले होंगे
10 लाख रु. रिश्वत लेने के आरोप में जेल में बंद SDM पिंकी मीणा 16 फरवरी को जज से शादी करने वाली हैं। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच के जस्टिस इंद्रजीत सिंह ने उन्हें 10 दिन की सशर्त जमानत दी है। दौसा में हाईवे बना रही कंपनी से पैसे लेने की आरोपी SDM पिंकी 29 दिनों से जेल में बंद हैं। पिंकी मीणा को 10 फरवरी को जेल से छोड़ा गया। उन्हें शादी के 5 दिन बाद यानी 21 फरवरी को सरेंडर करना होगा। मामले की अगली सुनवाई 22 फरवरी को होगी।
मोदी ने मदद की, ताकि बच्ची की जान बच सके
महाराष्ट्र में 5 महीने की तीरा के जिंदा रहने की उम्मीद अब बढ़ गई है। उसे SMA Type 1 बीमारी है, जिसका इलाज अमेरिका से आने वाले Zolgensma इंजेक्शन से ही मुमकिन है। इसकी एक डोज करीब 16 करोड़ रुपए की है। इस पर करीब 6 करोड़ रुपए टैक्स अलग से चुकाना होता। तब इसकी कीमत 22 करोड़ रुपए हो जाती। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की चिट्ठी पर PM नरेंद्र मोदी ने दवाई पर टैक्स माफ कर दिया है। इंजेक्शन नहीं लगने पर बच्ची बमुश्किल 13 महीने और जिंदा रहती।
एक्सप्लेनर
WHO की जांच या चीनी प्रोपेगेंडा?
कोरोना के शुरुआती मामले चीन के जिस वुहान शहर से आए, वहां WHO की टीम पहुंची है। 14 जनवरी को पहुंची इस टीम ने मंगलवार यानी 9 फरवरी को पहली बार अब तक की जांच के बारे में बताया। लेकिन, जो बताया वो WHO की जांच का नतीजा कम और चीन के प्रोपेगेंडा का समर्थन ज्यादा लग रहा है। यह वही प्रोपेगेंडा है जिसमें चीन कभी भारत, तो कभी ब्राजील, तो कभी यूरोप के देशों को घसीटता रहा है। जिसका दुनिया के किसी दूसरे देश अब तक समर्थन नहीं किया है।
पॉजिटिव खबर
उम्र के ढलान पर नई शुरुआत
पंजाब के 72 साल के बद्रीदास बंसल बिजली विभाग से रिटायर्ड हैं। नौकरी के दौरान वे घर के पास की खाली जमीन पर ऑर्गेनिक तरीके से सब्जियां उगाते थे। उन्हें खेती से लगाव था, लेकिन रिटायरमेंट से पहले ही उनकी पत्नी का निधन हो गया। इसके बाद वे संगरूर शिफ्ट हो गए। यहां लीज पर चार एकड़ जमीन लेकर मल्टी क्रॉपिंग खेती शुरू की। 45 साल की बेटी प्रियंका गुप्ता ने खेती में पापा की मदद करनी शुरू की। अब उनके खेत में पैदा होने वाले उत्पाद प्रोसेस होकर बाजार भी पहुंच रहे हैं।
पहला मैच हारकर 5 बार सीरीज जीती टीम इंडिया
इंग्लैंड के खिलाफ 4 टेस्ट सीरीज का पहला मैच गंवाकर टीम इंडिया 0-1 से पिछड़ गई है। चेन्नई टेस्ट में उसे 227 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। ऐसे में यदि पहला मैच हारकर सीरीज जीतने का रिकॉर्ड देखें तो इंग्लैंड के खिलाफ भारत को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि, टेस्ट इतिहास में अब तक सीरीज का पहला मैच हारकर इंग्लैंड ने सबसे ज्यादा 14 बार सीरीज जीती है। वहीं, टीम इंडिया 5 बार ही पहला टेस्ट हारकर सीरीज जीत सकी है।
कोहली 3 साल बाद 5वें नंबर पर फिसले
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की। इसमें भारतीय कप्तान विराट कोहली को चेन्नई टेस्ट में खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा है। वे एक पायदान फिसलकर 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं। नवंबर 2017 के बाद पहली बार कोहली इतने निचले पायदान पर पहुंचे हैं। चेन्नई टेस्ट की दूसरी पारी में 50 रन की पारी खेलने वाले भारतीय ओपनर शुभमन गिल ने 7 पायदान की छलांग लगाई। वे 40वें नंबर पर पहुंच गए। वहीं, नाबाद 85 रन बनाने वाले वॉशिंगटन सुंदर को 2 पायदान का फायदा हुआ। वे 81वें नंबर पर पहुंच गए।
6 रिपब्लिकन सीनेटर्स बाइडेन की पार्टी के साथ
अमेरिकी सीनेट में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ दूसरे महाभियोग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीनेट में 100 सदस्य होते हैं। 56 ने महाभियोग चलाने के पक्ष में और 44 ने विरोध में मतदान किया। समर्थन करने वालों में 6 रिपब्लिकन सीनेटर्स (ट्रम्प की पार्टी) शामिल हैं। हालांकि, अमेरिका से मिल रही तमाम मीडिया रिपोर्ट्स यही बता रही हैं कि ट्रम्प इस महाभियोग से उसी तरह बच निकलेंगे जिस तरह वे पिछले साल बरी हो गए थे।
सुर्खियों में और क्या है..
- सुप्रीम कोर्ट ने नौसेना से 6 मार्च 2017 में रिटायर हो चुके एयरक्राफ्ट कैरियर INS विराट को तोड़ने पर रोक लगा दी है। बुधवार को कोर्ट ने एक PIL पर सुनवाई करते हुए स्टे दे दिया।
- राहत की खबर है देश में अब सिर्फ महाराष्ट्र और गोवा को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में कोरोना संक्रमण का पॉजिटिविटी रेट 10% से कम हो गया है। इसका मतलब यह कि यहां 100 लोगों की टेस्टिंग करने पर 10 से कम संक्रमित मिल रहे हैं।
- पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर की तरफ से पत्रकार प्रिया रमानी के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट अब 17 फरवरी को फैसला सुनाएगी।